रविवार, 14 अक्टूबर 2012

मानस मे कैकेयी निंदनीया है या वंदनीया

मानस मे कैकेयी निंदनीया है या वंदनीया
                                                        नागेन्द्र शर्मा

अयोध्या के राजा दशरथ की अति प्रिय रानी कैकेयी के द्वारा दो वरदान मांगना उसका  अपना कोई चिंतन नही था लेकिन दासी मंथरा ने जब इन दो वरदानो के साथ भरत की भावी सुरक्षा का सवाल भिऩ्न भिन्न य़ुक्तियों के माध्यम से समझाया तो अपने हित अनहित का विचार किये बिना एक मां के हृदय ने कुटिल मंथरा की सलाह के अनुसार वे दो वरदान महाराजा दशरथ से मांग ही लिए जो अंततः रामायण की कथा के आधार बने।  लेकिन इस सुरक्षा के चिंतन  के कारण कैकेयी को अपने जीवन मे जो लांछना और अवमानना मिली उसके चलते उनका प्रारब्ध ही अभिशप्त हो गया। रामायण के नारी पात्र कैकेयी का स्मरण आम आदमी घृणा और तिरस्कार के साथ करता है। आज भी कोई अपनी पुत्री का नाम कैकेयी नहीं रखता और न ही रामायण के पारायण के दौरान कैकेयी के चरित्र पर किसी का ध्यान जाता है। मैथली शरण गुप्त ने अपने खंड काब्य साकेत मे  कैकेयी के लांछन को दूर करने का प्रयास किया है। राम से इतना अधिक स्नेह करने वाली कैकेयी इतनी अधिक कठोर हो गई कि उन्हे वनवास दे डाला। पुत्र प्रेम के स्वार्थवश ऐसे दो वरदान माँग बैठी कि उसके जीवन को ही कलंकित कर दिया। क्या संसार कैकेयी के उसी रूप से परिचित रहेगा ? क्या वे तथ्य सामने नहीं आने चाहिए जिनके कारण कैकेयी को कलंकित हो पड़ा।
मैने हाल ही मे हरिद्वार, बद्रीधाम आदि तीर्थों की यात्रा के दौरान एतद् विषयक चर्चा रामायण के एक मर्मग्य संत से की और पूछा कि कैकेयी निंदा की पात्र है या वंदना की अथवा तो कैकेयी रघुवंश का हित चाहती थी य़ा अनहित। सुन कर संतश्री ने  कहा कि कैकेयी वंदनीया और सिर्फ वंदनीया ही है। उन्होने प्रसंग को आगे बढाते हुए बतलाया कि श्रवण कुमार के पिता रत्नऋषि नंदीग्राम के राजा अश्वपति के राजपुरोहित थे और कैकेयी राजा अश्वपति की बेटी थी। रत्नऋषि ने कैकेयी को सभी शास्त्र वेद पुराण की शिक्षा दी। एक दिन बातों ही बातों मे  अयोध्या नरेश महाराजा दशरथ की चर्चा चल पड़ी। रत्नऋषि ने कैकेयी को बतलाया कि दशरथकी कोई संतान राज गद्दी पर नहीं बैठ पायेगी और साथ ही ज्योतिष गणना का के आधार पर यह भी बतलाया कि दशरथ की मृत्यु के पश्चात यदि चौदह वर्ष के दौरान कोई संतान गद्दी पर बैठ भी गया तो रघुवंश का नाश हो जायेगा। यह बात कैकेयी ने पूरी तरह हृदयगंम कर लिया और विवाह के बाद भी कैकेयी के जेहन मे यह बात पूरी तरह समायी हुई थी।
अब दशरथ के साथ कैकेयी के विवाह के प्रसंग पर आते हैं। जब अवध नरेश ने कैकेयी के सौन्दर्य और अलौकिक ज्ञान और गुणवत्ता की चर्चा सुनी तो कैकयराज के के पास कैकेयी साथ विवाह करने की इच्छा ब्यक्त करते हुए प्रस्ताव भेज दिया। कैकेयीराज ने प्रस्ताव तो स्वीकार कर लिया लेकिन शर्त के साथ। कैकेयीराज ने शर्त यह रखी कि महाराज ! आप यह वचन दें कि मेरी कन्या से जो पुत्र होगा उसी को राज्य मिलेगा। लेकिन सूर्य वंश की परम्परा यह थी कि जो जेष्ठ पुत्र ही को राजा बनाया जायेगा। लेकिन उस समय राजा दशरथ की मानसिक स्थिति ऐसी थी जिसको धर्म धुरंधर महाराजा दशरथ के लिए प्रयुक्त करना उचित नहीं लगता। और महाराजा दशरथ ने शर्त स्वीकार कर कैकेयी के साथ विवाह कर लिया।
जब राम के राज तिलक करने का अवसर आया तो बुद्धिमती कैकेयी को राजपुरोहित के कथन का स्मरण हो आया और उसने यह निश्चय कर लिया कि वह अपने प्रिय पुत्र राम  को रघुवंश के विनाश का कारण नहीं बनने देगी और वही हुआ। राम के वन गमन के पश्चात् भी कैकेयी भरत के लिए भी यही चाहती थी कि वह राजसिंहासन पर बैठ कर राज्य का संचालन न करे और य़ही हुआ। भरत ने राज कार्य तो संभाला लेकिन राजसिंहासन धारण न कर सिंहासन पर राम की चरण पादुका स्थापित कर राज्य का शाशन कुशाशन पर बैठ कर संचालित किया। आज एयर कंडीशन दफ्तरो मे बैठे लोग सुशासन नहीं चला पाते लेकिन भरत ने कुशासन पर बैठ कर अयोध्या को सुशासन दिया। संतो का मानना है कि राम की चौदह साल की वनवास की अवधि मे एक भी मौत नहीं हुई। आज हमारे देश के शासन के साथ भरत के सुशासन की तुलना करें तो मौत का आंकड़ा न जाने कहां का कहां पहूंचेगा।
अपनी चर्चा के दौरान मैने संतश्री के सामने सवाल उठाया कि इतनी ज्ञानवान और गुणवान और राम को भरत से भी अधिक प्रेम करने वाली कैकेयी ने कुटिल मंथरा के बहकावे मे कैसे आ गई। संत श्री का कहना था कि आप मानस का गंभीरता के साथ अध्ययन करें, मानस का सिर्फ परायण ही पर्याप्त नहीं है। मंथरा की कुटिल बातें सुन कर कैकेयी ने क्या कुछ नही कहा ‘पुनि अस कबहुँ कहसी घरफोरि, तब धरि जीभ कढ़ावहु तोरि’ और फिर तुलसी ने एक दोहे कैकेयी के मुख से यह कहलवाया “काने खोरे कूबरे कुटिल कुचाली जानि, तिय बिसेषि पुनि चेरि कहि भरतमातु मुसुकानि।
इसके अलावा कैकेयी के चरित्र के संदर्भ कोई राय बनाने के पूर्व देवताओं और सरस्वती की भूमिका पर भी तो विचार किया जाना चाहिए। यह प्रसंग रामायण का थोड़ा भी ज्ञान रखने वाले सबको ज्ञात है इसलिए दोहराने की आवश्यकता नही। ऐसी परिस्थिति से घिर कर ही तो कैकेयी को ऐसे दो वरदान मांगने पड़े जिनके चलते वह हर काल और युग मे एक कलंकिनी के रुप मे ही परिभाषित होती रही। अपने जिस पुत्र भरत के लिए राज्य मांगा उसी पुत्र से कैकेयी को कितनी लांछना भोगनी पड़ी यथा .... जौ पै कुरुचि रही अति तोहि, जनमत काहे न मारे मोहि। भरत ने अपनी माता के प्रति जैसे कुवचन पापिनि सबहिं भांति कुल नासा .... कहे उनको भी कैकेयी रघुवंश की सुरक्षा के लिए सहन कर गई। भरत ने इस चौपाई मे तो एक मां के प्रति वांछित किसी मर्यादा का ख्याल नही रखा .......
जब तैं कुमति कुमत जियँ ठयऊ, खंड खंड होई हृदउ न गयऊ ।।
बर मागत मन भइ नहिं पीरा, गरि न जीह मुहँ परेउ न कीरा ।।

इन शब्दों मे भरतजी कैकेयी की घोरतम निंदा करते हैं। भगवान राम ने भरतजी को चित्रकूट मे कैकेयी की इस तरह कठोरतम निंदा करने रोका तो भरतजी ने कहा कि मै अकेला कैकेयी की निंदा नहीं कर रहा हूं बल्कि ‘जननी कुमति जगतु सबु साखी’’ यहां तक कि निषादराज की दृष्टि मे भी कैकेयी का चरित्र भी ऐसा ही है .... यथा
कैकेयनंदिनि मंदमति कठिन कुटिलपनुकीन्ह
लेकिन राम इस तरह के किसी मत से सहमत नहीं जान पड़ते।
राम कहते हैं “ दोसु देहिं जननिहि जड़ तेई , जिन्ह गुर साधु सभा नहिं सेई
मानस का गहन अध्ययन करने पर यही कहना पड़ता है कि कैकेयी निंदनीया है या वंदनीया इस पर मंतब्य देना कोई आसान नहीं है। क्योंकि कैकेयी की प्रसंशा करने वाला तुलसी का पात्र इतना महान  है कि अनुचित नहीं माना जा सकता और वह पात्र है मानस का महा नायक राम। दूसरी ओर कैकेयी की निंदा करने वाले हैं भरत और उनका चरित्र भी इस तरह चित्रित किया गया है कि हम यह नहीं कह सकते कि वे गलत हैं। कुल मिला कर रामायण मे परिस्थियां इस तरह रची गई है कि तुलसी ने मूर्त रुप से भले ही निंदनीया के रुप मे प्रस्तुत किया है लेकिन कैकेयी के दो वरदानो के परिणामों पर जायें तो वे वंदनीया ही ङै। मैथिलीशरण गुप्त के शब्दों मे स्वयं कैकेयी  स्वीकार करती है

“क्या कर सकती थी मरी मंथरा दासी, मेरा मन ही रह सका ना निज विश्वासी”

                        समाप्त

                                                                                                                                                                                                                                                                                               

       



  













       

रविवार, 29 जुलाई 2012

जैविक पिता और लांछित पिता की त्रासदी Posted by Shesh Dhar Tiwari

Express Yourself and Proudly Say.... That's me

जैविक पिता और लांछित पिता की त्रासदी

दयानन्द पाण्डेय


सोचिए कि कर्ण को जब पता चला होगा कि सूर्य उस के नाज़ायज़ पिता हैं तो क्या कर्ण ने भी कभी मांग की होगी सूर्य से कि अपनी रोशनी और अपनी आग मुझे भी दे दो नहीं मैं तुम्हें बदनाम कर दूंगा? खैर, नारायणदत्त तिवारी अब रोहित शेखर के प्रमाणित पिता हो गए हैं। डी.एन.ए. रिपोर्ट का खुलासा हो गया है। रोहित शर्मा अब रोहित तिवारी हो कर उपस्थित हैं । चैनलों पर शहीदाना अंदाज़ में हैं और विजेता भाव में भी। मां उज्जवला भी हैं उन के सुर में सुर मिलाती। अगर नहीं है कोई तो नारायणदत्त तिवारी और बी पी शर्मा नहीं हैं।

एक जैविक पिता हैं और दूसरे लांछित पिता। नारायणदत्त तिवारी का बयान तो उन के ओ.एस.डी. भट्ट ने पढ कर सुना दिया है। पर बी.पी शर्मा शुरु ही से इस पूरे परिदृश्य से अनुपस्थित हैं। उन की उपस्थिति होती भी तो भला किस तरह होती? क्या वह भी रोहित और उज्जवला के सुर में सुर मिलाते? कहना कुछ नहीं बहुत कठिन् है। अभी तो समूचा मीडिया तिवारी जी पर टूट पड़ा है। रोहित के बचपन से जवान होते जाने की तमाम-तमाम फ़ोटुओं के साथ जिन में तिवारी जी का रोहित के प्रति छलकता उत्साह साफ दिखता है। उज्जवला भी हैं इन फ़ोटुओं में छलकती और इतराती हुई। और अभी भी तिवारी जी का कहना है कि रोहित से उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
तो क्या पुरुष होना इतना बडा़ गुनाह है?
तिवारी जी अगर इस पूरे मामले में दोषी हैं तो उज्जवला शर्मा क्या दूध की धोई हुई हैं? यह सवाल कोई नहीं कर रहा है। किया जाना चाहिए। मीडिया तिवारी जी को ऐसे कोस रही है गोया वह अपराधी हों। जैसे अमरमणि त्रिपाठी, आनंद सेन या राजस्थान के भंवरी केस के सुराणा की तरह हत्यारे हों। यह ठीक है कि वह नाजायज पिता होने के दोषी हैं। पर अपराधी नहीं हैं। भारतीय कानून की निगाह में वह अपराधी नहीं हैं। उन्हों ने अपने बयान में कहा भी है कि उन की सरलता के चलते उन्हें साज़िश के तहत फंसा दिया गया है। सार्वजनिक जीवन जीने की मर्यादा उन्हों ने खंडित की है। यह तो हम सब पहले ही से जानते रहे हैं। पर उन्हें अपराधी की तरह मीडिया में परोसना शर्मनाक है।
दिक्कत यह भी है कि जिस लालच में उज्जवला शर्मा और रोहित ने तिवारी जी की टोपी उछाली है सरे आम उस लालच में भी वह कामयाब होते दीखते नहीं हैं। रोहित की तकलीफ़ यह है कि घर में तो तिवारी जी उन्हें बेटा कह कर बुलाते थे पर बाहर निकलते ही टोपी पहन कर वह उन्हें भूल जाते थे। अजीब त्रासदी है यह? इतनी सारी फ़ोटो में तिवारी जी रोहित और उज्जवला के साथ हैं और हर फ़ोटो में रोहित के प्रति उन का वात्सल्य छलकता बार-बार दिखता है। रोहित और क्या चाहते थे? कि वह एक सार्वजनिक जीवन जीते हुए सब को बताते फिरते कि देखो मैं रोहित का नाज़ायज़ पिता हूं और कि इस की मां मेरी रखैल है?
सच यह है कि जब तक तिवारी जी सत्ता में रहे, सत्ता के फ़ायदे रोहित और उन की मा उज्जवला लूटती रहीं। बाद में जब तिवारी जी उन्हें फ़ायदा देने की स्थिति में नहीं रह गए तब यह मां-बेटे उन्हें भावनात्मक ब्लैकमेल करने लगे। तिवारी जी की संपत्ति के लिए। पर तिवारी जी के पास कोई संपत्ति होती तब न वह उन को देते? अपनी पैतृक संपत्ति तक का तो उन्हों ने ट्रस्ट बना दिया है। वह देते भी तो क्या देते उन्हें? और अभी भी वह क्या पा जाएंगे? दहाड़ तो रहे हैं रोहित कि हर कानूनी हक के लिए वह लड़ेंगे। अब बाकी तो संपत्ति की ही लड़ाई रह गई है न?
खैर। कल्पना कीजिए कि अगर तिवारी जी भी रोहित और उज्जवला के स्तर की बेशर्मी पर कहीं उतर गए होते तो परिदृष्य कैसा होता भला? लेकिन तिवारी जी तो शुरु ही से विरोधियों का भी सम्मान करने के अभ्यस्त रहे हैं। वह अभी भी रोहित के खिलाफ़ कुछ नहीं कह रहे। बल्कि रोहित के साथ सहानुभूति जता रहे हैं। नहीं जानने को कौन नहीं जानता था कि तिवारी जी रोहित के नाज़ायज़ पिता हैं। बिलकुल शुरु ही से। रोहित ने खुद कहा है कि उन के दफ़्तर के लोग उन्हें बहुत आत्मीयता से खिलाते थे। तो क्या मुफ़्त में? फिर भी वह दुहराते हैं कि घर से बाहर निकलते ही टोपी पहन कर वह उन्हें भूल जाते थे। शशि कपूर द्वारा निर्मित श्याम बेनेगल की एक बहुत महत्वपूर्ण फ़िल्म है कलयुग। महाभारत की ही कथा को आधुनिक परिवेश में उन्हों ने इस फ़िल्म में बुना है। दो उद्योगपति परिवार की कहानी है। गांधारी, कुंती, धृतराष्ट्र, भीष्म पितामह सभी हैं। जिस में कर्ण की भूमिका खुद शशि कपूर ने की है। रेखा द्रौपदी की भूमिका में हैं, कुलभूषण खरबंदा भीम और अनंत नाग अर्जुन वाली भूमिका में। अदभुत फ़िल्म है। जब कर्ण को मारने की बात चलती है तो कुंती डर जाती है। और सभी बेटों को इकट्ठा बैठा कर राय मशविरा करते हुए ऐसा करने से मना करती है। और बताती है कि कर्ण तुम सब का सब से बडा़ भाई है। यह सुनते ही अर्जुन की भूमिका में अनंतनाग जैसे कुंती पर टूट पड़ता है। और लगभग दौडा़ लेता है मारने के लिए। चीखता है, ‘कुलटा कहीं की !’ बडी़ मुश्किल से राज बब्बर, कुलभूषण वगैरह अनंतनाग को काबू कर पाते हैं।फ़िल्मी ही सही एक दृष्य वह है और एक दृष्य यह है रोहित और उज्जवला का।
तिवारी जी जैसे विनम्र व्यक्ति के साथ यह हादसा ही है। जो लोग तिवारी जी और उन की विनम्रता को जानते हैं, वह लोग समझ सकते होंगे उन का अंतर्द्वद्व। यहां अभी और बिलकुल अभी एक बार की घटना याद आ रही है। नारायणदत्त तिवारी तब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे। वोट बैंक के चक्कर में हाइकमान के निर्देश पर उन्हों ने उर्दू को दूसरी राजभाषा का दर्जा दे दिया था। इस के विरोध में पंडित श्रीनारायण चतुर्वेदी ने लगभग मुहिम सी चला दी थी तब। धरना प्रदर्शन सब किया।
एक बार उन्हों ने लखनऊ में हिंदी संस्थान से जी.पी.ओ. तक जुलूस निकाला। और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने की बात थी। अमूमन होता यही है कि मुख्यमंत्री वगैरह के औपचारिक ज्ञापन आदि ज़िला प्रशासन के अधिकारी या उन से जुडे़ अधिकारी् ही ले कर इतिश्री कर लेते हैं और ज्ञापन वहां तक ज़रुरी समझते हैं तो पहुंचा देते हैं। पर उस बार उपस्थित अधिकारियों को जब ज्ञापन देने की औपचारिक बात की चतुर्वेदी जी ने और पूछा कि ज्ञापन आप ही लोग लेंगे या मुख्यमंत्री जी लेंगे? तो उपस्थित अधिकारियों ने उन से कहा कि, ‘माननीय मुख्यमंत्री जी आप की प्रतीक्षा में हैं।’ चतुर्वेदी जी पहुंचे मुख्यमंत्री कार्यालय अपने साथियों के साथ। तिवारी जी न सिर्फ़ प्रतीक्षारत थे बल्कि खडे़ हो कर उन्हों ने चतुर्वेदी जी का लगभग स्वागत किया। प्रणाम कहा। और खड़े हो कर ही हाथ जोड़ कर ही उन से ज्ञापन लिया। चतुर्वेदी जी बहुत गुस्से में थे, तिवारी जी की इस विनम्रता ने उन का सारा गुस्सा पी लिया था। वह मुसकुराते हुए लौटे थे। बाद के दिनों में तिवारी जी से मैं ने पूछा कि, ‘अगर आप उन से सहमत थे, उन की मांगों को इस तरह स्वीकार कर रहे थे मान लेने में भी क्या हर्ज़ था?’ तिवारी जी ने कहा कि, ‘शासन और राजनीति की अपनी ज़रुरतें होती हैं पर इस सब के बावजूद, विरोध के बावजूद हम किसी को सम्मान तो दे ही सकते हैं, देना ही चाहिए। और फिर चतुर्वेदी जी विद्वान व्यक्ति हैं बुजुर्ग हैं, सम्मान का हक बनता है उन का।’ ऐसे ही एक बार संस्कृत अकादमी की ओर से सम्मान समारोह आयोजित था। राजभवन में। अध्यक्षता राज्यपाल कर रहे थे। सम्मन तिवारी जी दे रहे थे। मैं ने देखा कि किसी भी विद्वान को उन्हों ने मंच पर नहीं आने दिया। खुद दौड़-दौड़ कर सभी विद्वानों के पास वह पहुंचे और कि सब को सम्मानित किया। अपने भाषण में भी वह विनम्र हुए। और कहा कि वेद्पाठी पंडितों को ढाई हज़ार रुपए सम्मान राशि बहुत कम है। अब वेदपाठी पंडित मिलते कहां हैं? उन्हों ने सम्मान राशि बढा़ कर तुरंत दस हज़ार कर दी और कहा कि अभी तो चेक बन गया है पर बची राशि भी विद्वानों के घर पहुंच जाएगी।
आज कल तो राजनेताओं से सरकारी या कोई अन्य सम्मान लेना भी लगभग अपमान हो गया है। वह ऐसे हिकारत से पेश आते हैं विद्वानों से कि जैसे कोई बहुत निकृष्ट काम कर रहे हों। अव्वल तो अब राजनेता ऐसे सम्मान समारोहों से कतराने लगे हैं। जैसे कि उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान का पुरस्कार कभी मुख्यमंत्री ही आते थे देने। पर मायावती कभी नहीं आईं ऐसे किसी समारोह में। किसी मंत्री को अपना प्रतिनिधि बना कर भेज देती थीं। मुलायम भी पिछले कार्यकाल में नहीं आते थे। और अब तो मायावती ने जाते-जाते दो-तीन पुरस्कार छोड़ कर सब रद्द कर दिए थे। अखिलेश सरकार ने उसे अभी तक बहाल नहीं किया है।
एक समय यह पुरस्कार प्रधानमंत्री देने आते थे। एक बार मोरार जी देसाई आए थे। आचार्य किशोरीदास वाजपेयी को भारत-भारती सम्मान मिलना था। उन का नाम पुकारा गया पर वह मंच पर नहीं पहुंचे। दो बार, तीन बार पुकारा गया। वह नहीं गए। मोरार जी ने आयोजकों से खिन्न हो कर पूछा कि वह आए भी हैं? उन्हें बताया गया कि आए हुए हैं और वह सामने की लाइन में बैठे हुए हैं। मोरार जी समझ गए। वह मंच से खुद उतर कर वाजपेयी जी के पास पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया। रघुवीर सहाय ने तब दिनमान में इस विषय पर संपादकीय लिखी थी और बताया था कि यह पहली बार है कि सम्मान पाने वाले का चेहरा फ़ोटो में दिखा। नहीं अमूमन सम्मान देने वाले का चेहरा दिखता है।
क्षमा करें ज़रा विषयांतर हो गया।
पर क्या यह सम्मान समाज में किसी लेखक या किसी भी व्यक्ति का इस तरह रह गया है क्या? तिवारी जी का जो हाल मीडिया ने बीते कुछ वर्षों से बना रखा है, इस पितृत्व विवाद के चलते, लगता है जैसे वह कभी विकास पुरुष नहीं रहे, गिरहकट या लुच्चे हों। यह बहुत शर्मनाक है। किसी की निजी ज़िंदगी में मीडिया का इस तरह घुसपैठ किसी भी सूरत में ठीक नहीं है। पिता एक सम्मानित संस्था है उस को इस तरह लांछित करना किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है। पिता शब्द की गरिमा को बनाए रखना ज़रुरी भी है। तिवारी जी रोहित के पिता थे, यह रोहित और उज्ज्वला ही नहीं बहुतेरे लोग वर्षों से जानते थे। डी.एन.ए.टेस्ट ने अब उस पर एक मुहर लगा दी है। उन फ़ोटुओं को एक बार फिर से निहारिए जिस में रोहित के प्रति तिवारी जी का प्यार उन का वात्सल्य छ्लक रहा है। अनेक फ़ोटो इस की गवाह हैं। अगर सिर्फ़ ऐयाशी ही की ही भावना रही होती तो वह तमाम पुरुषों की तरह कतरा गए होते। और कम से कम साल दर साल हर जन्म-दिन पर फ़ोटो तो नहीं ही खिंचवाते। गलती उन से हुई है, सार्वजनिक जीवन जीने की मर्यादा उन्हों ने लांघी है पर इस बिना पर उन के पितृत्व को इस तरह चौराहे पर खडा़ कर लांछित तो मत कीजिए। सुन रही हैं उज्जवला जी, रोहित जी और मीडिया की दुकानें? और फिर बिचारे बी.पी शर्मा को भी समाज में मुंह दिखाने भर के लिए जीने का हक देंगे कि नहीं?
क्या पुरुष होना इतना बडा़ गुनाह है? कि औरत के सारे गुनाह माफ़ और पुरुष को फांसी !
यह ठीक है कि पिता घोषित हो कर तिवारी जी हार गए हैं। बालेश्वर एक गाना गाते थे कि, ‘जे केहू से नाईं हारल/ ते हारि गइल अपने से !’ तो तिवारी जी अपनों से हार गए हैं। और जो इसी बात को इस तरह भी देखना चाहें तो देख सकते हैं, कि बेटे से हार कर भी अंतत: पिता की ही जीत होती है। पिता के लिए इस से बडा़ सुख कोई और होता नहीं कि वह अपने ही जाए से हार जाए।

लेखक के बारे में
दयानंद पांडेय न सिर्फ वरिष्‍ठ पत्रकार तथा उपन्‍यासकार हैं.
अगर आप उन्हें पढेंगे उन्हें जानेंगे तो पाएंगे कि
वो समकालीन पत्रकारिता के लिए एक पूरी संस्था हैं|
दयानंद से संपर्क
09415130127, 09335233424
और dayanand.pandey@yahoo.com
के जरिए किया जा सकता है


शुक्रवार, 27 जुलाई 2012

An advice to Facebook goers

Courtesy Blogger Sheshdhar Tiwari क्यों हो रहे हैं रिश्ते तार तार

Dhar Tiwari on July 27, 2012 at 1:29pm in Social Issues




  • Send Message View Discussions

  • बेटी का बलात्कार कर देह व्यापार में धकेला

    शुक्रवार, 27 जुलाई, 2012
    लड़की
    भारत में कई मामलों में सगे संबंधी ही लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं.
    क्या कोई बाप अपनी ही बेटी का बलात्कार कर सकता है. अगर आपको ऐसा लगता कि ऐसा संभव नहीं तो फिर एक बार सोचिए.
    किसी दूसरे देश में नहीं बल्कि भारत में ऐसा मामला सामने आया है.
    केरल के सुधीर नाम के एक व्यक्ति ने न केवल अपनी बेटी का बलात्कार किया बल्कि पैसों के लिए उसे कम से कम 200 लोगों के साथ यौन संबंध बनाने पर मजबूर भी किया.
    यह मामला पिछले साल प्रकाश में आया था और अब इस मामले में कोर्ट ने सुधीर को सज़ा सुनाई है.
    पिछले साल पीड़ित लड़की ने एक टीवी चैनल से कहा था, ‘‘पहले मेरे पिता ने तब मेरा बलात्कार किया जब मेरी मां घर पर नहीं थी. बाद में वो मुझे अलग-अलग जगह ले जाने लगे और वो कहते थे कि मुझे फिल्मों में काम मिलेगा.’’
    यह लड़की अब किशोरों के लिए बने सरकारी आवास में रह रही है.
    केरल की एक अदालत ने अब सुधीर को एक मामले में आजीवन कारावास की सज़ा दी है और अभी सुधीर पर 49 अन्य मामले चल रहे हैं.

    बेटे को पुल से लटकाया

    जेल की सज़ा के अलावा सुधीर पर 50 हज़ार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है. उन पर अपनी 14 वर्षीय बेटी का बलात्कार करने और अपने छोटे बेटे को उलटा लटका कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप सिद्ध हुआ है.
    हालांकि मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के 46 गवाहों में से सुधीर की पत्नी और उनका छोटा बेटा अपने बयान से पलट गए. पहले दोनों ने सुधीर के अत्याचार का शिकार होने का दावा किया था.
    पुलिस के अनुसार सुधीर अपनी बेटी को एक नदी के पुल पर ले गया और धमकी दी कि उसे नदी में फेंक देगा. जब लड़की ने उसकी बात नहीं मानी तो सुधीर ने उसके छोटे भाई को पुल से नीचे लटका दिया जिसके बाद लड़की अपने पिता के साथ जाने को राज़ी हुई.
    "पहले मेरे पिता ने तब मेरा बलात्कार किया जब मेरी मां घर पर नहीं थी. बाद में वो मुझे अलग-अलग जगह ले जाने लगे और वो कहते थे कि मुझे फिल्मों में काम मिलेगा."
    पीड़ित लड़की
    इस घटना के बाद सुधीर ने अपनी बेटी से देह व्यापार शुरु करवा दिया.
    सुधीर अपनी बेटी के साथ न केवल जबरिया शारीरिक संबंध बनाता था बल्कि वो उसे मारपीट कर अन्य लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर भी करता था.
    पड़ोस के लोगों से वो कहता था कि उसकी बेटी को फिल्मों में छोटे रोल मिल रहे हैं इसलिए वो बार-बार बेटी को बाहर ले जाता है.
    इस मामले में लड़की के रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद ही मामला पुलिस तक पहुंच पाया.

    ऐसे पिता और भी

    अर्नाकुलम के अतिरिक्त सत्र न्यायालय के न्यायाधीश पीजी अजित कुमार ने कहा कि भारत में कुल 26 ऐसे मामले हैं जिसमें लोगों ने अपनी बेटियों का बलात्कार किया है.
    हालांकि सुधीर का एकमात्र मामला ऐसा है जिसमें सुधीर ने न केवल अपनी बेटी के साथ कुकर्म किया बल्कि उसे अन्य लोगों के साथ यौन संबंध बनाने पर मजबूर भी किया और उसके पैसे लिए.
    सरकारी वकील का कहना था, ‘‘पूरी सुनवाई के दौरान लड़की एकदम चुप और कठोर बनी रही जो उसकी उम्र से मेल नहीं खाता. गवाहों को भी बयान देने में बहुत तकलीफ हुई है.’’
    कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया है कि वो पीड़ित लड़की को ज़मीन आवंटित करे ताकि वो अपनी पढ़ाई पूरी कर सके.
    कोर्ट ने इस पूरे मामले में 44 गवाहों और 43 दस्तावेजों के आधार पर फैसला सुनाया है. सुधीर के ख़िलाफ बलात्कार, धारा 376, बच्चों को ड्रग्स देने, धमकी देने और कई अन्य आपराधिक मामलों की सुनवाई की गई है.
    इस मामले में पुलिस ने 106 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें एक वकील, एक डॉक्टर, एक फिल्म प्रोड्यूसर और एक व्यवसायी शामिल है जिन्होंने इस 14 वर्षीय लड़की का शोषण किया है.

    सोमवार, 23 जुलाई 2012

    हमारा लोकतंत्र - या हमारा दुर्भाग्य (सौजन्य


                       हमारा लोकतंत्र - या हमारा दुर्भाग्य



    "प्रणव मुखर्जी ने अपने राष्ट्रपति चुने जाने के बाद भारतीय लोकतंत्र का आभार व्यक्त किया है. सही भी है, जो व्यक्ति अपनी जिन्दगी में मात्र एक लोकसभा का चुनाव ही जीत सका वह भी ममता की ममता से. वह इस व्यवस्था की पतली गली से गुजरना जानता है. अगर सीधा जनता के द्वारा चुना जाना होता तो क्या प्रणव मुखर्जी राष्ट्रपति हो सकते थे ? मनमोहन सिंह भी आज तक एक भी लोकसभा का चुनाव नहीं लड़े हैं पर गुजरे आठ सालों से देश के प्रधानमंत्री हैं. यह कैसा लोकतंत्र कई जहां प्रधानमंत्री वह हो जिसे जनता नहीं चाहती और राष्ट्रपति भी वह जिसे जनता का जनादेश नहीं. इस तरह के लोकतंत्र को इसी तरह के लोग आभार व्यक्त करेंगे. दरअसल अब हम अमेरिका के पूरी तरह गुलाम हो चुके हैं. अब प्रधानमंत्री भी विश्व बैंक का गुर्गा और राष्ट्रपति भी विश्व बैंक का गुर्गा. प्रणव मुखर्जी जब वित्तमंत्री थे तो उनकी निष्ठा राष्ट्र से अधिक अम्बानी की मुनीमी में अधिक रही है.यह कोंग्रेस की मंथारायें जब तक राजनीति में हस्तक्षेप करती रहेगी राम को वनवास होता रहेगा."----राजीव चतुर्वेदी


    B.Ringania;s Blog मेरी मातृभाषा क्यों भिखारिन बनी घूम रही है



    मेरे बारे में



    Journalist and Hindi writer.



    रविवार, 22 जुलाई 2012

    मेरी मातृभाषा क्यों भिखारिन बनी घूम रही है


     र
    26 जनवरी, 2010 को अंडमान निकोबार में बोआ सीनियर की 85 वर्ष की उम्र में मृत्यु रीहो गई और उनकी मृत्यु के साथ ही इस पृथ्वी से मर गई एक और भाषा। एक भाषा की मृत्यु के साथ ही खत्म हो जाता है उनके साथ जुड़ा इतिहास, उसके साथ जुड़ी परंपरा, एक पूरी संस्कृति। हम क्यों किसी भाषा के मरने पर दुख मनाते हैं, वह इसलिए कि लाख विज्ञान ने प्रगति कर ली हो, लेकिन कुछ चीजें वह नहीं बना सकता। जैसे वह एक भाषा नहीं बना सकता। वह प्रकृति प्रदत्त जीव या वनस्पति को फिर से नहीं बना सकता। कल को बाघ इस पृथ्वी से विलुप्त हो जाएंगे तो वह फिर से बाघ नहीं बना पाएगा। गैंडा इस पृथ्वी से विदा हो जाएगा तो वह फिर से गैंडा नहीं बना पाएगा। यहीं आकर मनुष्य की सीमाएं दिखाई देने लगती हैं। जो चीज प्रकृति ने हमें दी है, हमारी नासमझी से यदि वे खत्म हो जाती हैं, तो हम उन्हें दोबारा नहीं बना सकते।

    पृथ्वी पर सैकड़ों भाषाएं विलुप्ति के कगार पर हैं, उनमें से 53 भाषाएं भारत में हैं। अभी हमने दो दिन पहले छापा कि त्रिपुरा की साइमर भाषा बोलने वाले चार ही लोग बचे हैं। इसी तरह ग्रेट अंडमानिज भाषा बोलने वाले बस पांच ही लोग रह गए हैं। दक्षिण अंडमान की जारवा भाषा बोलने वाले 31 लोग रह गए हैं। पूर्वोत्तर में बोली जाने वाली रुगा, ताई नोरा, ताई रोंग और तांगाम भाषा बोलने वालों की संख्या प्रत्येक की सौ से ऊपर नहीं है।



    भाषा कैसे मरती है? भाषा तब नहीं मरती जब उसके बोलने वाले सभी लोग मर जाते हैं। भाषा तब मरती है जब उसके बोलने वालों की नई पीढ़ियां अपनी भाषा का इस्तेमाल बंद कर देती हैं। मैं अपने सामने एक भाषा को मरते हुए देख रहा हूं। और अफसोस यह है कि यह भाषा मेरी अपनी मातृभाषा राजस्थानी है। राजस्थान या सारे भारत के बारे में नहीं कह सकता लेकिन असम, बिहार और प. बंगाल में हमने देखा है कि राजस्थानी परिवारों में नई पीढ़ी ने राजस्थानी बोलना छोड़ दिया है। राजस्थानी बोलना छोड़ने का नई पीढ़ी का यह निर्णय उसका अपना नहीं है। यह निर्णय उस पर थोपा गया है। उससे पहले की पीढ़ी यानी हमारी पीढ़ी ने नई पीढ़ी के साथ राजस्थानी भाषा में बात करना बंद कर हिंदी को अपना लिया। इस तरह नई पीढ़ी राजस्थानी से बिल्कुल अनजान रह गई।

    दैनंदिन की दिनचर्या में इस बात की ओर ध्यान नहीं जाता कि राजस्थानी के बहुत सारे शब्द खुद हमारे जेहन से खत्म होते जा रहे हैं। जब मैं मां से बात करता हूं तब उनसे बात करते समय अचानक यह आभास होता है कि अरे इस शब्द का व्यवहार तो हमने बंद ही कर दिया है। जैसे मां कहती है- "बींटी कठै गई'। अरे बींटी की जगह तो हमने अंगुठी कहना शुरू कर दिया था, लेकिन ध्यान ही नहीं रहा कि बींटी भी एक शब्द है। इसी तरह राजस्थानी बोलते हुए भी हम "बारी' की जगह खिड़की, "धोळा' की जगह सफेद, "बाणच' की जगह फल बोलने लग गए। बो सीनियर की उस पीड़ा को मैं कभी-कभी महसूस करने की कोशिश करता हूं कि आप अपनी भाषा बोलने वाले अकेले व्यक्ति हैं, आप चाहकर भी अपनी भाषा में किसी से बात हीं कर सकते। क्या राजस्थानी जैसी जनभाषाओं का भी एक दिन यही हश्र होना है
    ?

    मैथिली और भोजपुरी से यदि तुलना करें तो मुझे लगता है कि सबसे कम काम राजस्थानी को आगे बढ़ने के लिए हुआ है। राजस्थानी को साहित्य अकादमी ने काफी पहले से मान्यता दे रखी है, लेकिन इसे संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान प्रप्त नहीं है। राजस्थानी भाषा को जो भी चाहने वाले हैं, वे बैठकों-सभाओं- व्यक्तिगत बातचीत में इस बात पर आक्षेप करते हैं कि भारत सरकार ने राजस्थानी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल न करके भारी अन्याय किया है। लेकिन मैं सोचता हूं कि संविधान के अंतर्गत मान्यता नहीं मिली ठीक है, लेकिन क्या हमने अपने दिल में अपनी भाषा को मान्यता दे रखी है? मैं कुछ बिंदुओं पर ध्यान दिलाना चाहूंगा।


    (1)
    संविधान की मान्यता से राजस्थानी को अपने आप किसी भी प्रांत की मान्यता प्राप्त भाषा का दर्जा नहीं मिल जाएगा। राजस्थानी की बात कहने वाले जान-बूझकर इस तथ्य से आंखें मूंदे रहते हैं कि राजस्थान में राजस्थानी को लेकर आम सहमति नहीं है। राजस्थान में शेखावाटी अंचल की मातृभाषा राजस्थानी है। एक-दो और भी इलाके होंगे, जो राजस्थानी को मान्यता देने के पक्ष में हो सकते हैं। लेकिन उन्हें छोड़कर राजस्थान के बाकी इलाके में राजस्थानी को लेकर कोई उत्साह दिखाई नहीं देता।

    (2) जहां तक मेरी जानकारी है राजस्थान मेंं कहीं भी राजस्थानी भाषा शिक्षा का माध्यम नहीं है। क्या कभी इसकी मांग की गई? मेरी जानकारी में कभी ऐसी मांग गंभीरतापूर्वक नहीं उठाई गई। इसकी हम यहां असम या पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में दिखाई देने वाले भाषा प्रेम से तुलना करते हैं, तो हमें साफ दिखाई देने लगता है कि राजस्थानी को सबसे पहले उसके बेटों ने ही घर से निकाला है, तभी वह केंद्र सरकार की गलियों में भिखारिन बनी घूम रही हैऔर आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने के लिए याचना कर रही है।



    उदाहरण के लिए हम मेघालय के एक इलाके में बोले जाने वाली खासी भाषा की बात लें। आप शिलोंग जाएं तो आपको सार्वजनिक स्थानों पर लगे नामपट्टों पर खासी भाषा का वर्चस्व दिखाई देगा। खासी भाषा के कई-कई अखबार निकलते हैं, यह भाषा स्कूलों में पढ़ाई का माध्यम भी है, विधानसभा और सरकारी कामकाज में इसे मान्य प्राप्त है। यह संविधान की आठवीं अनुसूची में नहीं है, लेकिन इससे इसकी प्रगति में कहीं रुकावट नहीं आ रही है। दूसरी ओर राजस्थानी भाषा है, जो आठवीं अनुसूची के लिए तो लड़ रही है लेकिन राजस्थान की राजधानी में कहीं भी उसका अस्तित्व महसूस नहीं होता है। भाषा आपकी जबान पर ही नहीं रहेगी तो आठवीं अनुसूची में स्थान दिलाकर क्या होगा। यह वैसे ही होगा जैसे कोई अपनी मां को घर से निकाल दे और सरकार से उसे पदमश्री देने की मांग करे।

    प्रस्तुतकर्ता Binod Ringania पर 10:18 pm
    टिप्पणी





    एक भाषा को जीवित रखने के लिए जो विचार ब्यक्त किये गये हैं वे सराहनीय है। जहां तक घरों मारवाड़ी न बोले जाने का सवाल है वह सिर्फ प्रवास मे रहने वालो तक ही सीमित है। जयपुरिया इलाकों को छोड़ कर राजस्थानी घरो मारवाड़ी ही बोली जाती है। राजस्थानी भाषा को शिक्षा का माध्यम बनाना राजस्थान को शिक्षा के क्षेत्र मे पीछे ले जाना होगा। असम की कॉलेजो से अंग्रेजी माध्यम हटाने के बाद आज असम का बुद्धिजीवी समाज महसूस कर रहा है कि यह गलत हुआ। राजस्थानी माध्यम के सवाल पर विस्तृत चर्चा की आवश्यकता है। विस्तृत चर्चा मे निगेटिवीटी ही सामने आयेगी।