बुधवार, 8 जनवरी 2014

सोसियल नेटवर्किंग फेसबुक बनती जा रही हैः एक सामाजिक ब्याधि

                                                      नागेन्द्र शर्मा

                                                                 गोलाघाट

 

 

भारतीय मनीषियों ने संसार के चार युगों की कल्पना कर समय को चार भागों मे विभाजित किया है यथा – सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर युग और कलियुग जो अभी चल रहा है। मन करता है कलियुग के साथ इलेक्ट्रोनिक युग को एक उप-कलियुग के रुप मे मान्यता दी जाये। हालांकि इसके सकारात्मक उपयोगिता के पक्ष के परिप्रेक्ष्य यह संज्ञा उपयुक्त नहीं मानी जा सकती। क्योंकि छोटे बड़े उद्योग, उत्पादन और ब्यवसाय के विभिन्न क्षेत्रों मे इलेक्ट्रोनिक युग का जो अवदान है और जो सुविधाएं प्राप्त हो रही है यह मानव समाज के लिए वरदान स्वरुप है। यहां इलेक्ट्रोनिक युग के विभिन्न उपयोगी उपादानों की उपयोगिता और अनुपयोगिता की चर्चा अति विस्तार की आशंका को ध्यान मे रख कर सिर्फ कम्प्यूटर विषयक मुद्दो पर चर्चा करना समाचीन होगा। कम्प्यूटर का जो सकारात्मक पक्ष है उसकी आलोचना विज्ञान के अवदान को नकारना होगा। लेकिन इसके कुछ नकारात्मक पहलूओं की ओर ध्यान आकर्षित किया जाना आवश्यक है क्योकि आज की पीढ़ी (खास कर अध्यनरत)  के युवक और युवतियां कम्प्यूटर अथवा लेप टॉप के सामने ही अपना अधिकांश समय गुजार देते हैं। मम्मी पापा बच्चों को खाने की मेज पर आने के लिए बुलाते रहते हैं लेकिन वे आया मम्मा या आई पापा कह कर न जाने कितना समय गुजार देते हैं।

शास्त्रो के अनुसार राजा परीक्षित ने कलियुग की प्रार्थना पर द्रवित हो कर कलियुग को जुआ, मद्यपान, परस्त्रीगमन और हिंसा इन चार स्थानों पर निवास करने का आदेश दिया था। कलियुग ने जब कहा कि ये चार स्थान उसके निवास के लिए अपर्याप्त है तो राजा परीक्षित ने उसको स्वर्ण मे भी निवास करने की अनुमति देदी। सवाल उठ सकता है कि इस आलेख की विषयवस्तु से राजा परीक्षित व कलियुग के उद्धरण या प्रसंग का क्या सम्पर्क है। पर जी हां, संम्पर्क है। मद्यपान से जुड़े अपराध आज दिन दहाड़े ब्यस्तत्तम सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर देखते आ रहे हैं और वह भी बिना किसी रोक टोक के। परस्त्रीगमन परोक्ष मे या लुके छुपे हो पर अंतोगत्वा उसके कुपरिणाम सामने आ ही जाते हैं और फिर हिंसा का तो कहना ही क्या। कम से कम हमारे प्रदेश असम मे हिंसा प्रतिहिंसा का स्वरुप घटता ही नहीं बढ़ता ही जा रहा है जिससे प्रदेश का जनजीवन त्रस्त है आहत है। लेकिन कम्प्यूटर से जुड़े अपराधों को (जिनको साइबर क्राइम के नाम से जाना जाता है।) को तो कोई भी जानकार अपने ऑफिस या बेडरुम मे बैठे बैठे अँजाम दे सकता है जिनके बारे मे आम आदमी तो बहुत कम जान पाता है। एक आंकड़े के अनुसार हमारे देश मे 90 प्रतिशत लोगों को यह जानकारी ही नहीं है कि साइबर क्राइम होता क्या है और इसको कैसे अंजाम दिया जाता है।

      

                           

 

ऑन लाइन आर्थिक लेनदेन करने वाले यदि इसमे पूर्णतः पारंगत न हो तो ऐसे लोग साइबर क्रिमनल्स के शिकार हो जाते हैं। उनके बैंक एकाउण्ट हाईजैक कर लिए जाते हैं। अल्प और अधूरे ज्ञान वालो को तो ऑन लाइन आर्थिक लेन देन से तौबा ही कर लेनी चाहिए।

इस संदर्भ मे सोसल नेटवर्किंग फेसबुक पर जाने वाले यवक युवतियां इससे जुड़े आपराधिक क्रिया कलापों की अधिक शिकार होती देखी गई हैं। फेसबुक और इस तरह की अन्य वेबसाइट पर काफी आपत्तिजनक सामग्रियां देखने को मिलती है जो युवावों के मन मस्तिष्क पर विपरीत प्रभाव डालती है। अब हालात ऐसे हो गये हैं कि नोवीं और दसवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए कम्प्यूटर ने एक अनिवार्य पाठ्य पुस्तक का रुप ले लिया है। इसक़े अलावा इंटरनेट कनेक्टीविटी भी बच्चे मांग करते हैं और सम्पन्न परिवार के अनेक अभिभावकों को यह मालुम ही नहीं रहता है कि ये सब कहां उपलब्ध है। इस मामले मे बच्चे काफी आगे निकल चुके हैं। वे स्वयं बाजार से प्रयोजनीय कम्प्यूटर, अपनी आवश्यकता के अनुकूल प्रयोजनीय एसोसिरीज तलाश कर खरीदने मे सक्षम रहते हैं। इसलिए यह कहना होगा कि एक अच्छी सुविधा का दुरपयोग हो रहा है। इसके लिए बच्चों से कहीं अधिक जिम्मेवार हैं उनके अभिभावक जो बच्चों के हाथों मे  ऐसे ऐसे मोबाइल थमा देते हैं जिन पर एक अच्छे खासे खम्प्यूटर अथवा लेपटॉप की सुविधआएं उपलब्ध रहती हैं। इस बदलते दौर में बच्चों व युवाओं पर तो फेसबुक का भूत इस कदर चढ़ गया है कि अब वे अपना हर दुख-दर्द व खुशी अपने फेसबुक फ्रेंड से शेयर कर रहे हैं। इससे न केवल उनकी पढ़ाई अपितु सामाजिक जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। जो बच्चे व युवा अभी तक सिर्फ पढ़ाई व अपने सहपाठियों को तवज्जो देते थे। वे अब फेसबुक पर ही दोस्ती करना पसंद कर रहे हैं।

फेसबुक पर सही व जान पहचान वालों के साथ दोस्ती करने की हद तक की दोस्ती को चलो ठीक मान लेते हैं बशर्ते यह सही दिशा मे जारी रहे। पर अनजान लोगों से दोस्ती का नाम पर विवाह शादी के प्रस्तावों का आदान प्रदान होने लगते हैं तो वह किशोर किशोरियो के मां बाप को चौकस होने की आवश्यकता है। इस तरह होने वाले विवाहों के परिणाम कभी कभी बड़े भयंकर हो सकते हैं। इस लेखक ने ऐसे कई विवाह होते देखे हैं जिनमे आगे चल कर तलाक तक की नौबत बन गई।

माना कि सोशल नेटवर्किंग साइट लोगों से जुड़ने, अपने विचारों का आदान प्रदान करने का एक अनोखा मंच है। लेकिन इस प्रकार विचारों मे जब अश्लीलता आने लगे तो उससे बच कर कैसे सुरक्षित रहा जा सकता है यह जानना जरूरी है। आज कल किशोर किशोरियों के बीच फेस बुक पर अपलोढ़ करने का प्रचलन काफी बढ़ चला है। लेकिन इन अपलोडेढ़ फोटो को एडिट कर इस तरह दूसरे फोटो के साथ इस तरह लगा देते हैं सर शर्म से झुक जाता है और पिर शुरु हो जाती है व्लेक मेलिंग। अतः इस बीमारी को न पालना ही अच्छा है और जो कम्प्युटिंग की टीप्स मे पूरी तरह जानकार नही है उनको तो इससे दूर ही रहना चाहिए

अगर आप फेसबुक पर अपना अकाउंट बनाए हुए हैं तो आप निश्चित रूप से नुकसान झेल रहें हैं। फेसबुक से नुकसान इस प्रकार हैं –

v  समय की बरबादी- फेसबुक पर लॉगिन करने के बाद आप यह भूल जाते हैं कि आपने फेसबुक पर लॉगिन क्यों किया है और आप एक प्रोफ़ाइल से दूसरे प्रोफ़ाइल को देखने मे इतना व्यस्त हो जाते हैं कि आपको पता ही नहीं चलता कि आपने कितना समय बर्बाद कर दिया।    

v   नंबर ऑफ  लाइकस (number of likes) की चिंता – अगर आपने फेसबुक पर अपना कोई फोटो अपलोड किया तो आपके दिमाग मे हमेशा यह घूमता रहता है कि कितने लोगों ने इसे लाइक किया या कमेंट किया। अगर आपके किसी फ्रेंड ने आपके द्वारा अपलोड किए गए फोटो को लाइक नहीं किया तो आप व्यर्थ मे दुखी हो जाते हैं ।

v  प्राइवसी (privacy) का खतरा – फेसबुक पर आपके द्वारा अपलोड किए गए फोटो को कोई भी डाउन्लोड कर सकता है और उसका गलत इस्तेमाल कर सकता है।

v  जेल जाने की संभावना – फेसबुक पर यदि आपने कुछ ऐसे  कमेंट किए जिससे सरकार की या अन्य किसी लोगो की भावना को ठेस पहुचे तो वह आप पर केस कर सकता है और आपको जेल जाना पड़ सकता है।

v  बहुत सारे फ्रेंड request अवांछित लोगों से आ जाते है और अगर उनको फ्रेंड नहीं बनाया तो वे लोग दुश्मन बन जाते है।

v  कभी भी वाइरस के कारण गंदे फोटो या लिंक बिना आपके जानकारी के, आपके सारे फ्रेंड के पास पहुँच जाती है, जिससे आपको शर्मसार होना पड़ सकता है।

अगर आप इन सभी मुसीबतों से छुटकारा पाना चाहते हैं तो आज ही अपना फेसबुक अकाउंट बंद (deactivate) करें और मन मे शांति प्राप्त करें।

गुरुवार, 2 जनवरी 2014

असम मे प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय का नामाकरण ‘इन्दिरा मिरी महिला विश्वविद्यालय’ नहीं राजीव गांधी के नाम पर होगा


 

                 असम मे प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय का नामाकरण
   ‘इन्दिरा मिरी महिला विश्वविद्यालय’ नहीं राजीव गांधी के नाम पर होगा      

                                            

 

                                                               
                                                                                                                      अनुराधा शर्मा पुजारी
                                                          प्रस्तुतिः नागेन्द्र शर्मा      
                                                          
इन्दिरा मिरी
 
 असमीया साहित्य जगत की विख्यात व श्रृजनशील साहित्यकार और पत्रकारिता क्षेत्र की प्रखर पत्रकार तथा असमीया साप्ताहिक ‘सादिन’ की संपादक अनुराधा शर्मा पुजारी ने अपने साप्ताहिक के ‘प्रथम पृष्ठ का चिंतन’ नामक कॉलम के तहत असम के पाठकों को यह अवगत कराते हुए लिखा है कि असम मे प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय का नामाकरण इन्दिरा मिरी महिला विश्वविद्यालय न हो कर राजीव गांधी महिला विश्वविद्यालय होगा। इस इस कॉलम मे शर्मा पुजारी ने प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय का नामाकरण राजीव गांधी के नाम पर किये जाने के विरोध मे इस विषय को अपने लेखन मे प्रतिपादित किया है।

(ज्ञातब्य है कि असम के शिक्षा जगत के आधुनीकरण और शिक्षा प्रणाली मे क्रांतिकारी परिवर्तन लाने मे इन्दिरा मिरी को एक अन्यन्य सूत्रधार के रुप मे जाना जाता है। उनका मानना था कि राज्य के छात्र-छात्राओं को आधुनिक और वैज्ञानिक ढ़ंग से पढ़ाने के लिए प्रत्येक स्तर के शिक्षकों का प्रशिक्षण अत्यावश्यक है और इस दिशा मे उनका विशेष योगदान रहा है। इन्दिरा मिरी एक दूरदर्शी शिक्षाविद और असम के प्रथम फोरेस्ट चीफ कंजरवेटर महीचन्द्र की पत्नी थी। एडिनबरा विश्वविद्यालय मे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने देश और खास कर अपने राज्य असम मे आधुनिक शिक्षा प्रणाली के प्रवर्तन के लिए इन्दिरा मिरी ने संकल्पवद्ध हो कर युगांतकरी दिशा निर्देश दिया। बचपन मे उन्हे मेरें (মেৰেং) के नाम से पुकारा जाता था। अनुराधा शर्मा पुजारी ने मेरें नाम से एक असमीया उपन्यास भी लिखा है जो तत्कालीन नेफा (नोर्थ इष्ट फ्रोन्टीयर एजेंसी) और आज के अरुणाचल प्रदेश मे शिक्षा के प्रचार व प्रसार मे इन्दिरा मिरी के योगदान का एक ऐतिहासिक दस्तावेज माना जाता है। 1947 मे नेफा के ग्रामीण अंचलों मे बसे गांवों के कबालीय जनजाति के लोगों मे अपने इलाके मे किसी गैर या अपरिचित को देखते ही काट डाल कर नदी मे प्रवाहित करने की प्रबल प्रवृति थी और इस तरह न जाने कितने अंग्रेज कर्मचारी व अफसरों को कबालियो के हाथों अपनी जान गंवानी पड़ी थी। वैसे विकट समय मे इन्दिरा मिरी ने नेफा मे शिक्षा प्रसार के लिए एक सरकारी शिक्षा अधिकारी के रुप मे दायित्व ग्रहण कर अपने कुछ शिक्षाब्रति साथियों के साथ नेफा के दुर्गम गांवों के लोगों को शिक्षित करने के मकसद से शिक्षा-मशाल अपने हाथों मे थाम कर  तत्कालीन सदिया शहर मे शिक्षा केन्द्र स्थापित किया। इस महत् कार्य के लिए इन्दिरा मिरी को जिस विकट स्थिति के बीच से गुजरना पड़ा था उसके लिए सिर्फ इतना कहना काफी होगा कि आज का शिक्षित समाज उसकी कल्पना भी नहीं कर सकता। इस संदर्भ मे पूरी जानकारी के लिए अनुराधा शर्मा पुजारी का मेरें नामक असमीया उपन्यास पठनीय है।)

 

अनुराधा शर्मा पुजारी ने अपने उल्लेखित कॉलम ‘ प्रथम कॉलम का चिंतन ’ के तहत लिखा है :-

डेनियल अकनेल का एक सुभाषित ‘नथिंग इज पोलिटीकेली राईट विच इज मोरली रोंग’ काफी प्रचलित है। इस संदर्भ मे  एक सवाल खड़ा होता है कि आज की राजनीति मे नैतिकता की आशा ही क्यों की जाये। राजनैतिक क्षेत्र का हर ब्यक्ति अपने दलीय हित के लिए कार्य करता है और  हम सब जानते हैं कि  दलीय हित मे ही उसका अपना भी हित है। लेकिन केवल और केवल दलीय हित को ही प्राथमिकता देने से देश का हित कभी नहीं हो सकता। आज असम की यही स्थिति है। राज्य मे सत्ताधारी कांग्रेस के कार्यकाल मे यह साबित हो चुका है कि असम सरकार हर क्षेत्र मे सिर्फ अपने दल के प्रति ही नहीं बल्कि गांधी परिवार के प्रति भी अपनी वफादारी निभाने की पूरी कोशिश करती आ रही है। इसके चलते राज्यवासियों की इच्छा और संवेदनशील भावना तक की उपेक्षा करने मे राज्य सरकार को कहीं संकोच नहीं होता। सीधे सीधे इस आशय से जुड़े विषय पर आते हैं।

असम मे महिला विश्वविद्यालय स्थापित किये जाने का निर्णय लेने के तत्काल बाद से ही राज्य के विद्वत् समाज की ओर से यह कहा जा रहा है कि प्रस्तावित महिला विश्वविद्यलय का नामाकरण राज्य मे शिक्षक प्रशिक्षण-प्रणाली का सूत्रपात कराने वाली असम की अन्यन्य विदुषी नारी इन्दिरा मिरी के नाम पर होना चाहिए। इस संदर्भ मे तीन वर्ष पूर्व सर्व प्रथम आवाज उठाई थी असमीया साहित्य के यश्यश्वी लेखक और पूर्व सांसद नगेन सइकिया महोदय ने। उसके बाद राज्य के विभिन्न स्थानों से इस सम्पर्क मे सरकार को प्रस्ताव भेजे जाते रहे हैं। असम साहित्य सम्मिलनी की ओर से विशिष्ठ चिंतक डा. हीरेन गोहांई असम लेखिका समारोह की ओर से भी सरकार को यही सुझाव दिया था।

मैने स्वयं मुख्यमंत्री से भेंट कर दो सुझाव दिये थे--- प्रथम सुझाव था कि राज्य मे प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय का नामाकरण  इन्दिरा मिरी के नाम पर हो और दूसरे सुझाव मे मुख्य मंत्री को याद दिलाया कि मिसींग समाज के प्रथम विज्ञान स्नातक और प्रथम वन अधिकारी के रुप मे महीचन्द्र मिरी का काजीरंगा को विश्व के मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाने मे युगांतकारी योगदान था। अतः काजीरंगा मे महीचन्द्र की एक आदमकद मूर्ती की स्थापना की जानी चाहिए। 2012 मे मुख्य मंत्री के साथ हुई भेंट मे उन्होने इन दोनो सुझावों पर अपनी सम्मति भी ब्यक्त की थी। मेरे सुझाव की तो शायद उपेक्षा करना एक मुख्य मंत्री के लिए सहज हो सकता है। लेकिन राज्य के विद्वत समाज के परामर्श की उपेक्षा किया जाना क्या उतना ही सहज है, शायद नहीं। लेकिन राज्य के वर्तमान मुख्य मंत्री के संदर्भ मे सहज माना जा सकता है।

एक खबर के अनुसार अभी कुछ दिन पूर्व राज्य के तीन विश्वविद्यालय के पूर्व उपाचार्यों ने कुछ विशिष्ठ शिक्षाविदों द्वारा हस्ताक्षरित एक स्मारक पत्र मुख्य मंत्री को प्रदान कर उल्लेखित मांग को दोहराते हुए यह अनुरोध किया गया किया गया कि राज्य के प्रस्तावित महिला विश्वविद्यालय का नाम इन्दिरा मिरी महिला विश्वविद्यालय होना चाहिए। प्रत्युत्तर मे मुख्य मंत्री ने बिना किसी लाग लपट के कहा कि अब यह सब नहीं हो सकता। इस पर बहुत पहले निर्णय हो चुका है। प्रस्तावित विश्वविद्यालय का नाम राजीव गांधी महिला विश्वविद्यालय ही होगा और इस पर स्वीकृति भी हो चुकी है। मुख्यमंत्री के सम्मुख उपस्थित पूर्व उपाचार्यों के नेतृत्व मे मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने गये विद्वत् समाज के लोगों को काटो तो खून नहीं। उनको ऐसे सीधे सपाट प्रत्युत्तर की कतई अपेक्षा नहीं थी।

प्रश्न है राज्य मे प्रथम महिला विश्वविद्य का नाम राजीव गांधी के नाम पर किये जाने की अपेक्षा किसने की थी। क्या राजीव गांधी कोई शिक्षाविद् थे ? सर्वपल्ली राधाकृष्णन अथवा ए पी जे अब्दुल कलाम के नाम का तो शिक्षा क्षेत्र मे एक अलग महत्व है। लेकिन राजीव गांधी के नाम को एक विश्वविद्यालय के नाम के साथ जोड़ना कहां तक तर्क संगत है। इस बीच राजीव गांधी के नाम पर राज्य मे मेनेजमेंट कालेज और इन्दिरा गांधी के नाम पर एक मुक्त विश्वविद्यालय की स्थापना हो चुकी है। राज्य के शिक्षा-सामाजिक और सांस्कृत क्षेत्र मे गांधी परिवार की वन्दना का कहीं तो अंत होना चाहिए। एक परिवार के प्रति इस तरह की अंधभक्ति का निर्वाह मुख्यमंत्री कब तक करते रहेंगे। क्या इस संदर्भ मे शिक्षा मंत्री की कोई भूमिका नहीं ?

राज्य सरकार की अविवेचित भूमिका के दो ही अर्थ हो सकते हैं। प्रथमतः हो सकता है राज्य सरकार शिक्षाविद् इन्दिरा मिरी के नाम से ही परिचित न हो, दूसरे किसी की अनुकंपा और किसी प्रकार के सम्मान की चाहत के बिना समग्र उत्तर पूर्वांचल मे शैक्षणिक ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाली विदुषी नारी के अवदान को प्रत्याशित रुप से रेखांकित करने की सरकारी पक्ष मे मानसिकता का अभाव रहा हो। मुख्य मंत्री ने एक बार भी नहीं सोचा कि एक विश्वविद्यालय के साथ राजीव गांधी के नाम का औचित्य ही क्या है। बल्कि यह सोचा जाना चाहिए था कि शिक्षा के क्षेत्र मे एक इतिहास की रचना करने वाली नारी के नाम पर एक विश्वविद्यालय का नामाकरण होना ऐतिहासिक गौरव का विषय है।

एक राज्य का प्रधान यदि अपने विद्वत समाज की इच्छा, आकांक्षा और अनुरोध को सम्मान देने मे असमर्थ हो तो उससे जातीय गौरव की रक्षा की अपेक्षा भला कैसे की जा सकती है। गांधी परिवार के प्रति कृतज्ञ बने रहना उनका ब्यक्तिगत विषय हो सकता है लेकिन अपने ब्यक्तिगत विषय को सामने रख कर असम के सामाजिक जीवन को प्रभावित करना कतई स्वीकार्य नहीं हो सकता। इस मुद्दे पर असम का विद्वत् समाज हाथ पर हाथ धर कर चुप चाप बैठा नहीं रहेगा। कभी न कभी इसका प्रतिकार सामने आना निश्चत है।

 

 

                   ********** समाप्त **********

   

 

 

          

 

 

 

सोमवार, 30 दिसंबर 2013

अखिल गगै के साथ हुए आमने सामने का पोस्ट मार्टम


अखिल गगै के आमने सामने मे वांछित एजेण्डा सामने नही आया

 

हाल ही मे दै. पूर्वोदय मे एक पूरे पृष्ट का आमने सामने का एक पूरे पृष्ट का कॉलम शुरु किया है जिसकी पाठकों के बीच अच्छी प्रतिक्रिया ब्यक्त की जा रही है। यदि इसकी निरन्तरता बनी रही तो पूर्वोदय असम के हिन्दी समाचार जगत मे अपना एक अलग स्थान बनाने मे कामयाब होगा। इसमे शक होने की कोई गुंजाइस नही। लेकिन एक दो सवालों को छोड़ कर प्रभू चावला की तीखी बात मे जो तीखा पन दिखलाई देता है वैसा तीखा पन मुझे दिखलाई नही दिया। हम सभी जानते है कि अखिल गगै ने भू आन्दोलन लोहिया, पृथानी और बुडाकिया को तथाकथित रुप से भूमाफिया सजा कर खड़ा किया था। यह मौका था कि विनोद रिंगानिया और राजकुमार शर्मा अखिल गगै से इसके बारे विस्तृत जानकारी आधाकारिक तथ्यों के आधार पर मांगते और फिर उत्तर प्रत्युत्तर के बीच दोषी और निर्दोषी के तथ्य सामने आ जाते।

एक तीखा और माकूल सवाल गगै से किया गया कि आप मारवाड़ी विरोधी वक्तब्य क्यों देते हैं और इसके उत्तर मे गगै को कहना पड़ा कि हम मारवाड़ी विरोधी नही हैं।हमारे संविधान मे जातिभेद,वर्णभेद के लिए कोई स्थान नही है, साम्प्रदायिकता तो दूर की बात है। इसके साथ मै यह जोड़ना चाहूंगा कि मारवाड़ी समाज के कुछ लोगों ने इस समाज को बदनाम किया है। कुछ लोग हैं जिनके साथ मारवाड़ी समाज को अपनी दूरी सपष्ट करनी चाहिए। एक प्रश्नकर्ता कहा – कुछ लोगों की बात कहते कहते आपको मारवाड़ी पर आते हुए मैने सवयं सुना है। बड़ा अच्छा और साहसपूर्ण सवाल था। लेकिन गगै ने भी इसका माकूल जबाब दिया। गगै ने कहा कुछ लोग मारवाड़ी समाज को बदनाम करते हैं, इसलिए कोई संग्रामी सेंटिमेंचल हो कर भी कभी कभी समूची जाति पर गरज उठता है।

मुझे लगता है इस साक्षातकार का कोई प्रच्छन्न एजेन्डा था जो मौके की नजाकत भांप कर नहीं उठाया गया। फिर भी प्रश्न कर्ताओं ने गगै से यह बात उगवाली कि केवल तीन-चार लोगों के कारण मरवाड़ी समाज का सुनाम नष्ट न हो। इसलिए यह साक्षातकार सार्थक हो पाया है।

अंदर की पीड़ा का अनुभव


                मन के अंदर की लय का अनुभव

                                           नागेन्द्र शर्मा

 

“जब तक सरोवर की सतह पर तरंगे रहती है हम उसकी गहराई नहीं देख पाते । उसी तरह जब तक मन शांत नहीं होता, हम अपने अंदर की लय का अनुभव नहीं कर सकते”। पूर्वोदय के 5 नवंबर के अंक के अंतिम पृष्ठ पर छपा यह सुविचार वस्तुतः अशांत मन के बेकाबू अश्व पर सवार के लिए एक प्रेरणादायक शुभाषित है। पूर्वोदय मे प्रत्येक दिन इस तरह के प्रेरक और चिंतन प्रसूत सुविचार नियमित रुप से छापे जा रहें जो सराहनीय है। हो सकता है हर पाठक की इस पर नजर न जाती हो पर जिस दिन किसी मननशील पाठक की इस पर नजर पड़ जायेगी तो संभव है उस पाठक की सोच का नजरिया ही बदल जाये। इस सुप्रयास व सुचिंतन के लिए पूर्वोदय को धन्यवाद। इस सुविचार पर मै स्वयं के अनुभूत चिंतन से प्रेरित हो कर पूर्वोदय के पाठकों के साथ अपने विचार बांटना चाहता हूं।

इस संदर्भ मे श्रीश्री रविशंकरजी और उनके शिष्यों के बीच हुए कथोपकथन की चर्चा शायद प्रासांगिक हो सकती है। शिष्य- गुरुदेव, कृपया प्रश्न पूछने की कला के बारे मे बात करें, क्योंकि कभी कभी मुझे जो उत्तर प्राप्त होता है, उससे मै संतुष्ट नहीं होता बल्कि और भ्रमित हो जाता हूं। श्रीश्री – जब मन बेचैन रहता है, तब फिर चाहे जो भी उत्तर हो वह अंदर नहीं जाता जब मन शांत होता है तो मन के अंदर की लय की अनुभूति स्वयं होती चली जाती है। लेकिन मन की चंचलता पर रोक आवश्यक है। एक बेचैन ब्यक्ति को कुछ भी कहा जाये पर वह अपने ‘लेकिन’  से पीछा नहीं छुड़ा पाता। उसे कितना ही कोनविसिंग कहा जाये, तब भी वह कहेगा, ‘ठीक है ! ‘लेकिन’। क्योंकि उसके मन मे उत्ताल लेती तरंगें शांत नहीं है। उसका मन विचारों और धारणाओं से पूर्वाग्रस्त है इसलिए वह किसी विचार को ग्रहण नहीं कर पाता और उसके फलस्वरुप वह दुखी, अशांत व निराशा से घिरा रहता है जिसके चलते उसका परिवार, आसपास के लोग उसकी स्थिति को भोगने के लिए मजबूर हो जाते हैं।

उल्लेखित स्थिति से बचने के लिए हमें यह जान लेना होगा कि हम अशांत और बेचैन क्यों हो जाते हैं। इसके कारण की तह तक जाने के बाद हमे अहसास हो जायेगा कि जब हमारा मन विकारों से विकृत हो उठता है अथवा तो आस पास की स्थिति या कहें परिस्थिति हमारे मनोनुकूल महसूस नहीं होती तब हम अशांत हो उठते हैं। हमारे मन में विकार भी हों और पूर्वाग्रस्त हो कर किसी के सुविचारों को ग्रहण भी न कर सुख (मानसिक या भौतिक) की अपेक्षा करें यह संभव नहीं है। अशांत और बेचैन होने के कारण जान लेने के बाद मन संतुलित हो जाता है और संतुलित मन मे विकार पैदा हो ही नही सकते। भगवान बुद्ध का भी दर्शन यही था। उन्होने मिथ्या कर्म-कांड की शिक्षा न दे कर अपने शिष्यों को नैसर्गिक सच्चाई देखना सिखाया। एक  अन्योक्ति के अनुसार हम अज्ञानतावश प्रतिक्रिया करते रहते हैं। इससे अपनी हानि तो करते ही हैं साथ ही औरों को भी हानि पहूंचाते हैं। अतः कोई भी प्रतिक्रिया ब्यक्त करने के पहले आवश्यक है खुद को जानना और यही महापुरुषों और संतो के जीवन का संदेश है। केवल कल्पना, विचार या अनुमान के बौद्धिक स्तर पर नहीं, भावुक हो कर भक्तिभाव के कारण नहीं, जो सुना या पढ़ा उसके प्रति अंधमान्यता के कारण नहीं बल्कि अपने खुद के अनुभव के आधार पर अपने आप की पहचान आवश्यक है। इसके अभाव मे अशांत बने रहना अवश्यमभावी है और यह स्थिति ही मन रुपी सरोवर की तरंगें हैं जिनके चलते हम मन के अंदर की लय का अनुभव नहीं कर पाते। वस्तुतः पूर्वोदय का उल्लेखित सुविचार किसी भी निराश जीवन को जीने की कला सिखाने वाला सार्थक शुभाषित है।

 

                      .......... समाप्त ..........        

  

 

                 इंसानी सभ्यता को दफनाता नारी का यौन शोषण

                                                    नागेन्द्र शर्मा

भारतीय फिल्म जगत के जानेमाने अभिनेता अमिर खां ने अपने  सामाजिक सारोकार वाले सत्यमेव जयते नामक सिरियल के प्रस्तावना मे कहा था कि “अगर हमारे समाज का कोई वर्ग दूसरे वर्ग पर हमले करने लगे तो पुलिस इसे दंगा करार देती है, रैपिड एक्शन फोर्स तलब कर ली जाती है और हिंसा के शिकार लोगों की सहायता के लिए उचित कदम उठाते हुए तुरंत सरकारी मशीनरी सक्रिय हो जाती है और जरूरतमंदों को हिंसा से बचाती है। इसके बाद सरकार शरणार्थी शिविर तैयार कर प्रभावितों को पुर्नस्थापित करती है”। लेकिन अफसोस तो तब होता है जब नारी के यौन शोषण के मामलों में सरकार की ओर से ऐसी तत्परता परिलक्षित नहीं होती। जब नारी के यौन शौषण का कोई मामला सामने आता है तो सरकारी हलकों मे सबसे पहले विचार होता है कि नारी का यौन शोषण किसके द्वारा किया  गया और किसका किया गया। हमारे सामने ताजा उदाहरण है तहलका नामक पत्रिका के संपादक तरुण तेजपाल का जिस पर एक महिला पत्रकार ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। खबरीया चैनेलों ने दो दिन तक इस घटना को जम कर उछाला। लम्बी बहसों का सिलसिला चला जिनमे नेताओं और पत्रकारों ने भाग ले कर पूरी घटना का पोस्टमारटम तो किया लेकिन इन बहसों के दौरान तेजपाल के कृत्य के लिए अमानवीय, दुष्कर्म और कुकर्म जैसे शब्दों का प्रयोग करने का साहस किसी पेनेलिस्ट ने नहीं किया। बल्कि यह दुष्कर्म करने के बाद तेजपाल ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए जो पत्र लिखा उसका टी.वी, स्क्रीन पर बड़े बड़े अक्षरों मे विडिओ स्क्रीप्ट बार बार दिखलाया गया। इसके पीछे शायद मकसद यह साबित करना रहा कि तेजपाल से अपराध तो हुआ लेकिन उसका यह अपराध अन्य नारी उत्पीड़न करने वालों की श्रेणी मे नहीं माना जाना चाहिए। क्योंकि उसने अपराध करने के साथ साथ पश्चाताप भी खुले आम स्वीकार किया है और उस अपराध के लिए सजा स्वयं ही मुकर्रर भी की है। हां, पुलिस प्रशाशन और न्यायपालिका ने इस मामले मे अब तक जो पारदर्शिता दिखलाई है उसकी तारीफ करनी होगी। लेकिन कानूनी पेचिदगियों के बीच फंस कर इसका अंजाम क्या होगा यह वक्त बतलायेगा।

आईए देखें तेजपाल ने क्या लिखा ........

पत्र मे तेजपाल ने कहा कि पिछले कुछ दिन उसके लिए बहुत परिक्षा वाले रहे और यह कह कर इस कांड की पूरी तरह  जिम्मेवारी लेने की बात स्वीकारी। उसने अपने पत्र मे यह भी कहा कि जिनके खिलाफ हम संघर्ष करते आ रहे वैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना परिस्थितिवश घट  चुकी और इसके लिए संबंधित पत्रकार से माफी मांगे जाने का उल्लेख भी तेजपाल ने अपने पत्र मे किया। इस कृत्य के लिए अपनी सजा मुकर्रर करते हुए अगले छः माह तक अपने दफ्तर न जाने की पेशकश की।

पीड़िता के एक पत्रकार मित्र ने कथित रुप से बतलाया कि पीड़िता के साथ दो बार यौन उत्पीड़न हुआ और यह तब हुआ जब गोवा मे थिंक इवेंट चल रहा था। पत्रकार मित्र ने कथित रुप से यह आरोप लगाया कि नशे की हालत मे तेजपाल ने यौन उत्पीड़न किया, कपड़े फाड़ दिये और उससे भी आगे बहुत कुछ किया। पीड़िता पूरी तरह से हिल चुकी है और पूरे प्रकरण की जांच की मांग कर रही हैं। इन आरोपों का सत्यापन तो न्यायालय मे होगा। इस घटना के बाद शौभा चौधरी ने तहलका के अन्य लोगों को एक मेल भेज कर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। परन्तु अपने आप को स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मानने वाले तहलका जैसी पत्रिका के मुख्य संपादक पर इस तरह के आरोप लगना अपने आप मे एक बड़ी घटना है। बड़े बड़े संस्थानों और कम्पनियों मे कार्यरत महिलाओं का यौन उत्पीड़न बड़ी गंभीर समस्या है। अभी कुछ दिन पहले एक महिला वकील ने रिटायर्ड जज पर आरोप लगाया कि पिछले साल दिसंबर मे उसका यौन उत्पीड़न किया गया था। इस संदर्भ मे आश्चर्य तो तब हुआ जब  भारत रत्न के लिए चयनित एक जाने माने वैज्ञानिक ने सबको चौंकाने वाला यह बयान दिया कि जब बलात्कार को रोका नहीं जा रहा तो मजा लो। हालांकि बाद मे अपने इस बयान पर खेद भी ब्यक्त किया। लेकिन मौखिक खेद की अभिब्यक्ति से मानसिकता नहीं बदल सकती। केन्द्रीय मंत्री शेख अब्दुला का तेजपाल वाली घटना पर जो बयान मिडिया मे आया उसे महिलाओं के प्रति बड़े अपमान के रुप मे देखा जा रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने अपने विवादास्पद बयान मे यह कह डाला कि महिलाओं को सचिव के पद पर नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि वे कही यौन उत्पीड़न की शिकार हो गई तो जेल की हवा खानी पड़ेगी। मानो महिला हर समय सक्रीय हाई वोल्टेज ऑपन वायर है। ऐसी तो सोच है हमारे नेताओं की।

हमारे देश मे आये दिन होनेवाले महिला यौन शौषण और उत्पीड़न पर लगाम न लगा पाने की स्थिति का लाभ उठाते हुए अमेरिका की एक छोटी सी बेबसाइट ने कथित असम रेप फेस्टीवल नाम एक काल्पनिक खबर चला कर हमारे देश की आबरु को तार तार करने तक की हिमाकत कर डाली और शर्म की बात तो यह है कि इस खबर को शेयर करने वाले 1 लाख 20 हजार लोगों मे हजारों भारतीय भी थे। यह खबर मिडिया मे आने के बाद बहुत से लोग इंटरनेट पर इस खबर से स्वयं रुबरु होने के लिए लालायित हो गये। भारतीयों का जब तक यह चरित्र रहेगा तब तक स्थितियों मे सुधार नहीं हो सकता।

आईबीएन 7 की एक खबर के अनुसार अफगानिस्तान, जहां औरत होने का मतलब है गुलामी, नर्क, और खौफ की जिंदगी। कांगो, जहां न विकास है और न औरतों के लिए कोई सम्मान है। पाकिस्तान, जहां का समाज औरतों को बराबरी का हक नहीं देता। और भारत ! यह शर्म की बात है कि हम भी इस सूची में शामिल हैं। औरतों पर होनेवाले अत्याचार के मामले में चौथे नंबर पर हमारा देश अफगानिस्तान, कांगो और पाकिस्तान का मुकाबला कर रहा है। यह  सर्वे किया है अधिकारों के लिए कानूनी सूचना और कानूनी सहायता केंद्र थॉम्सन रॉयटर टस्टला वूमन ने। इसका सर्वेक्षण कहता है कि महिलाओं के लिए भारत चौथे नंबर का सबसे खतरनाक देश है।

सर्वे में भारत को महिलाओं के लिए खतरनाक बताने के कारण भी गिनाए गए हैं। भारत में बेटियों को गर्भ में ही मार दिया जाता है। कई जगहों पर बेटियों को पैदा होने के बाद मौत के घाट उतार दिया जाता है। भारत लड़कियों की तस्करी का सबसे बड़ा अड्डा बन चुका है। भारत में भारी संख्या में लड़कियों को देह व्यापार में धकेल दिया जाता है। लड़कियों के साथ यौन हिंसा गांव से लेकर बड़े शहरों तक आम है। इसमें लड़कियों से छेड़छाड़, बलात्कार और उनकी हत्या तक शामिल है। इतना ही नहीं लड़कियों को परंपरा, धर्म और जाति के नाम पर भी शिकार बनाया जाता है। उनके स्वास्थ्य पर सबसे कम ध्यान दिया जाता है।

2009 में ही गृह सचिव मधुकर गुप्ता ने यह खुलासा किया था कि लड़कियों की तस्करी इस देश के लाखों लोगों का धंधा है। 2009 में ही सीबीआई ने अंदाजा लगाया था कि तकरीबन 30 लाख लड़कियों की तस्करी की गई, जिनमें से 10 फीसदी विदेशों में बेची गईं; जबकि 90 फीसदी लड़कियों को भारत में देह व्यापार में धकेल दिया गया। इसमें से 40 फीसदी नाबालिग और बेहद कम उम्र की थीं। साफ है इस सर्वे रिपोर्ट को आसानी से नहीं खारिज किया जा सकता। भारत को महिलाओं के लिए चौथे नंबर का खतरनाक देश बताने वाला यह सर्वे 213 विशेषज्ञों के बीच हुआ। इन लोगों ने कई मानकों पर हर देश को परखा और इस परख में भारत के लिए जो तथ्य सामने आये वे बड़े शर्मनाक हैं।

इस शर्म के लाखों सबूत हैं। देश की आधी आबादी के साथ कैसा व्यवहार हो रहा है इसके करोड़ों सबूत हैं। सिर्फ 2009 में ही महिलाओं के साथ 2 लाख तीन हजार आठ सौ चार आपराधिक वारदातें हुईं। इनमें हत्या, बलात्कार, यौन शौषण, तस्करी जैसे मामले शामिल हैं। लेकिन यह भी आधा सच है। अगर जानकारों की मानें तो महिलाओं के खिलाफ होने वाले आधे अपराध तो थाने तक पहुंचते ही नहीं हैं।
औरतों पर होनेवाले अत्याचार के मामले में चौथे नंबर पर हमारा देश अफगानिस्तान, कांगो और पाकिस्तान का मुकाबला कर रहा है।  देश को शर्मशार करने वाली बात है कि यहां चलने वाले संस्थान, चाहे वो कोई शिक्षण संस्थान हो या प्रशिक्षिण, छोटी बड़ी कम्पनियां हों या निजी हो या सरकारी धीरे धीरे सभी जगहों पर से यौन शौषण की विकृत और घृणित ममानसिकता वाली घटनाएं सामने आ रही है। ऐसी घटनाएँ आम होती जा रही है। अतः यह कहना गैर मुनासिब नहीं होगा कि  महिलाओ को समाज मे समान अधिकार देने का नारा राजनैतिक दिखावा मात्र रह गया है।
 इस संदर्भ मे हमारा असम भी पीछे नहीं है। असम में पिछले आठ साल में करीब 13,000 महिलाएं बलात्कार की शिकार हुई हैं। राज्य के गृह मंत्रालय के पुराने आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2005 से मई 2013 के बीच 12,857 महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया और इनमें से 59  को बलात्कार के बाद मार डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि बलात्कार के 8181 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 76 फीसदी मामलों पर कार्रवाई की गई और 12216 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ताजा आंकड़े तो और भी भयावह हो सकते हैं।  असम विधान सभा मे ऱाज्य के गृह विभाग द्वारा पेश की गई रिपोर्ट मे बतलाया गया कि राज्य मे बलात्कार और दहेज संबंधी अपराध पीछले दो सालों मे दुगने हुए हैं। दहेज संबंधी अपराधों मे बेतहासा बृद्धि हुई है। 2001 मे जहां 1307 मामले रजिस्टर्ड हुए वहीं 2007 मे यह संख्या बढ़ कर 3063 हो गई। राज्य के केबीनेड मंत्री रोकिबुल हुसैन ने राज्य विधान सभा मे बतलाया कि 2001 और 2007 के बीच महिलाओं पर हुए अपराध संबंधी 29731 मामले राज्य के विभिन्न पुलिस

थानो मे रजिस्टर्ड हुए हैं। ये तो सरकारी आंकड़े हैं। बहुत से ऐसे मामले हैं जो पुलिस थानों तक पहूंच ही नहीं पाते। ऐसे मामलों के शिकार हुए लोगों मे कुछ तो वे लोग शामिल है जिनको समाज का डर रहता है। अथवा तो वे गरीब लोग होते हैं जो पुलिस की मुठ्ठी गर्म करने मे अपने आपको असमर्थ पाते है।



महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि के कारण हैं बढ़ती आबादी, सामाजिक एवं पारिवारिक तनाव, लिंग आधारित भेदभाव, गरीबी, रोजगार के अवसरों का अभाव और कानून एजेंसियों में मानव संसाधन की कमी आदि हैं। इस संदर्भ मे असम को भी सावधान होने की आवश्यकत है। राज्य की राजधानी गुवाहाटी तो दिल्ली की तर्ज पर क्राइम नगरी के रुप मे परिवर्तित होती जा रही है। पत्नी की  कटी हुई लहू टपकती गर्दन को हाथ मे लटा कर सड़क पर बेखौफ गुजरने की घटना इसी प्रदेश मे देखी जा सकती है।

महिलाओं के खिलाफ ज्यादती केवल बलात्कार तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसमें दहेज के लिए प्रताड़ना भी शामिल है, जिसकी वजह से राज्य में 1069 महिलाओं की जान जा चुकी है। दहेज प्रताड़ना और हत्या से जुड़े मामलों में कुल 1671 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 66 महिलाओं को जादू टोना करने के संदेह में मारा गया।
इस तरह के अपराधों के 55 मामले दर्ज किए गए तथा 408 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस बीच
, अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार के विभिन्न ऐहतियाती उपायों और जागरूकता कार्यक्रमों के चलते रहने के बावजूद जादू टोना के संदेह में मार डालने की घटनाएं वर्ष 2012 में घट कर 14 रह गईं, जबकि वर्ष 2011 में ऐसी 29 घटनाएं हुई थीं।
पिछले वर्षों के दौरान हजारों महिलाओं का अपहरण किया गया। महिलाओं के अपहरण के 19902 मामले दर्ज किए गए
, जिनमें से 14488 अपहरण विवाह को लेकर हुए। अधिकारियों ने बताया कि अपहरण के आरोप में कुल 9,032 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 113 लोगों को जेल भेजा गया। विवाह को लेकर हुए अपहरण के ज्यादातर मामलों में बाद में सुलह-सहमति या समझौता हो गया। सूत्रों ने बताया कि पिछले 8 साल में गिरफ्तार किए गए कुल 14,285 लोगों में से अदालतों ने 1,729 को दोषी ठहराया जबकि अन्य मामलों में सुनवाई जारी है।

ऐसी घटनाओं के परिप्रेक्ष्य मे ऐसा भी नही है कि इस तरह दुष्कर्म अशिक्षित वर्गीय समाज मे ही होते हैं। साधु-संत, शिक्षक, वकील, सांसद, विधायक और यहां तक कि न्याय मूर्ती माने जाने वाले लोगों पर भी इस तरह के कुकृत्य मे लिप्त होने की घटनाएँ भी सामने आ रही है। इस तरह के पतोन्मुखी भारतीय समाज को कोई अवतारी पुरुष ही बचा पायेगा।

 

                          .......... समाप्त ..........