मन के अंदर की लय का अनुभव
नागेन्द्र शर्मा
“जब तक सरोवर की सतह पर तरंगे रहती है हम उसकी गहराई नहीं देख पाते । उसी तरह जब तक मन शांत नहीं होता, हम अपने अंदर की लय का अनुभव नहीं कर सकते”। पूर्वोदय के 5 नवंबर के अंक के अंतिम पृष्ठ पर छपा यह सुविचार वस्तुतः अशांत मन के बेकाबू अश्व पर सवार के लिए एक प्रेरणादायक शुभाषित है। पूर्वोदय मे प्रत्येक दिन इस तरह के प्रेरक और चिंतन प्रसूत सुविचार नियमित रुप से छापे जा रहें जो सराहनीय है। हो सकता है हर पाठक की इस पर नजर न जाती हो पर जिस दिन किसी मननशील पाठक की इस पर नजर पड़ जायेगी तो संभव है उस पाठक की सोच का नजरिया ही बदल जाये। इस सुप्रयास व सुचिंतन के लिए पूर्वोदय को धन्यवाद। इस सुविचार पर मै स्वयं के अनुभूत चिंतन से प्रेरित हो कर पूर्वोदय के पाठकों के साथ अपने विचार बांटना चाहता हूं।
इस संदर्भ मे श्रीश्री रविशंकरजी और उनके शिष्यों के बीच हुए कथोपकथन की चर्चा शायद प्रासांगिक हो सकती है। शिष्य- गुरुदेव, कृपया प्रश्न पूछने की कला के बारे मे बात करें, क्योंकि कभी कभी मुझे जो उत्तर प्राप्त होता है, उससे मै संतुष्ट नहीं होता बल्कि और भ्रमित हो जाता हूं। श्रीश्री – जब मन बेचैन रहता है, तब फिर चाहे जो भी उत्तर हो वह अंदर नहीं जाता जब मन शांत होता है तो मन के अंदर की लय की अनुभूति स्वयं होती चली जाती है। लेकिन मन की चंचलता पर रोक आवश्यक है। एक बेचैन ब्यक्ति को कुछ भी कहा जाये पर वह अपने ‘लेकिन’ से पीछा नहीं छुड़ा पाता। उसे कितना ही कोनविसिंग कहा जाये, तब भी वह कहेगा, ‘ठीक है ! ‘लेकिन’। क्योंकि उसके मन मे उत्ताल लेती तरंगें शांत नहीं है। उसका मन विचारों और धारणाओं से पूर्वाग्रस्त है इसलिए वह किसी विचार को ग्रहण नहीं कर पाता और उसके फलस्वरुप वह दुखी, अशांत व निराशा से घिरा रहता है जिसके चलते उसका परिवार, आसपास के लोग उसकी स्थिति को भोगने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
उल्लेखित स्थिति से बचने के लिए हमें यह जान लेना होगा कि हम अशांत और बेचैन क्यों हो जाते हैं। इसके कारण की तह तक जाने के बाद हमे अहसास हो जायेगा कि जब हमारा मन विकारों से विकृत हो उठता है अथवा तो आस पास की स्थिति या कहें परिस्थिति हमारे मनोनुकूल महसूस नहीं होती तब हम अशांत हो उठते हैं। हमारे मन में विकार भी हों और पूर्वाग्रस्त हो कर किसी के सुविचारों को ग्रहण भी न कर सुख (मानसिक या भौतिक) की अपेक्षा करें यह संभव नहीं है। अशांत और बेचैन होने के कारण जान लेने के बाद मन संतुलित हो जाता है और संतुलित मन मे विकार पैदा हो ही नही सकते। भगवान बुद्ध का भी दर्शन यही था। उन्होने मिथ्या कर्म-कांड की शिक्षा न दे कर अपने शिष्यों को नैसर्गिक सच्चाई देखना सिखाया। एक अन्योक्ति के अनुसार हम अज्ञानतावश प्रतिक्रिया करते रहते हैं। इससे अपनी हानि तो करते ही हैं साथ ही औरों को भी हानि पहूंचाते हैं। अतः कोई भी प्रतिक्रिया ब्यक्त करने के पहले आवश्यक है खुद को जानना और यही महापुरुषों और संतो के जीवन का संदेश है। केवल कल्पना, विचार या अनुमान के बौद्धिक स्तर पर नहीं, भावुक हो कर भक्तिभाव के कारण नहीं, जो सुना या पढ़ा उसके प्रति अंधमान्यता के कारण नहीं बल्कि अपने खुद के अनुभव के आधार पर अपने आप की पहचान आवश्यक है। इसके अभाव मे अशांत बने रहना अवश्यमभावी है और यह स्थिति ही मन रुपी सरोवर की तरंगें हैं जिनके चलते हम मन के अंदर की लय का अनुभव नहीं कर पाते। वस्तुतः पूर्वोदय का उल्लेखित सुविचार किसी भी निराश जीवन को जीने की कला सिखाने वाला सार्थक शुभाषित है।
.......... समाप्त ..........
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें